जनपद सिद्धार्थनगर में समाधान दिवस से मतदाता अभियान तक अपडेट

नौगढ़ में तहसील समाधान दिवस में 6 मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण

जनपद सिद्धार्थनगर में समाधान दिवस से मतदाता अभियान तक अपडेट

शनिवार को सिद्धार्थनगर के तहसील नौगढ़ में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक डॉ0 अभिषेक महाजन की उपस्थिति में सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में राजस्व सहित विभिन्न विभागों की शिकायतों की सुनवाई की गई तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया।

विभागीय शिकायतों की हुई सुनवाई

सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस में राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और उपजिलाधिकारी नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य द्वारा की गई। पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक डॉ0 अभिषेक महाजन ने की।

कुल 41 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए, जिनमें राजस्व के 30, पुलिस के 4, नगर पालिका का 1, विकास का 1, मनरेगा के 2, स्वास्थ्य का 1 तथा बाल विकास के 2 प्रकरण शामिल रहे। इनमें से राजस्व के 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।

लंबित प्रमाण पत्रों पर जताई नाराजगी

तहसील में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र रजिस्टर के अवलोकन के दौरान 2500 जन्म प्रमाण पत्र तथा 1000 मृत्यु प्रमाण पत्र लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

इस संबंध में उपजिलाधिकारी नौगढ़ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई और 15 दिनों के भीतर लंबित प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने निर्देश दिया कि भूमि विवादों का मौके पर निरीक्षण कर निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों की उपस्थिति में जांच कर कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि तहसील दिवस तथा आईजीआरएस की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 रजत कुमार चौरसिया, पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, डीडीओ राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा सन्दीप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


बांसी में सामूहिक विवाह स्थल का डीएम ने किया निरीक्षण

जनपद सिद्धार्थनगर में समाधान दिवस से मतदाता अभियान तक अपडेट

आज (शनिवार) को सिद्धार्थनगर के बांसी स्थित रतन सेन महाविद्यालय में प्रस्तावित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के स्थल का निरीक्षण जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक बांसी जय प्रताप सिंह तथा पुलिस अधीक्षक डॉ0 अभिषेक महाजन भी उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा महिला सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके अलावा वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग तथा आपातकालीन निकास व्यवस्था को व्यवस्थित करने को कहा गया।

कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाओं के निर्देश

जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन ने वर-वधू को दिए जाने वाले सामानों की सूची का बैनर लगाने का निर्देश दिया।कार्यक्रम स्थल पर पीने के पानी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक डा0 ज्ञानप्रकाश, उपजिलाधिकारी बांसी निखिल चक्रवर्ती, पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


मतदाता सूची संशोधन के लिए बूथों पर लगेंगे विशेष शिविर

शनिवार को सिद्धार्थनगर के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान आयोजित किया जाएगा। यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान पात्र नागरिक अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वा या संशोधन करा सकेंगे।

बूथ स्तर पर उपलब्ध रहेंगी सुविधाएं

विशेष अभियान दिवस पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

सभी बीएलओ के पास 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची तथा फार्म 6, 6ए, 7 और 8 उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी जहां मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता दी जाएगी।

पात्र मतदाताओं से नाम जुड़वाने की अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सभी उप जिलाधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अभियान सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।18 वर्ष पूर्ण कर चुके पात्र नागरिक फार्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में त्रुटि सुधार के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है।

ऑनलाइन आवेदन ECINET मोबाइल एप्लीकेशन या voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी किया जा सकता है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव श्रीवास्तव ने नागरिकों से अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने की अपील की है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Scroll to Top