बाबा साहेब तथा अन्य महापुरुषों की स्थापित प्रतिमाओं एवं स्थलों के विकास को लेकर राजू श्रीवास्तव की पहल चर्चा में
सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में डॉ. बीआर अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत कई प्रतिमा स्थलों के विकास का मामला प्रशासनिक स्तर पर आगे बढ़ा है। 30 अप्रैल को मुख्यमंत्री कार्यालय से समाज कल्याण विभाग को कार्रवाई संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं।
नगर पंचायत डुमरियागंज, भारतभारी और मिठवल ब्लॉक के कई गांव इस प्रस्ताव में शामिल हैं। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से रखरखाव और मूलभूत सुविधाओं की मांग उठती रही है, जिसे लेकर अब विभागीय प्रक्रिया शुरू होने की चर्चा है।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी निर्देश के बाद सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के कई डॉ० भीम राव अम्बेडकर तथा अन्य महापुरुषों की स्थापित प्रतिमाओं एवं प्रतिमा स्थलों के विकास का मामला प्रशासनिक स्तर पर सक्रिय हो गया है। पूर्व राज्यमंत्री एवं डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी राजू श्रीवास्तव द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर अब समाज कल्याण विभाग को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
संलग्न पत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रमुख सचिव संजय प्रसाद की ओर से 30 अप्रैल 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया गया। पत्र में कहा गया है कि डुमरियागंज विधानसभा के विभिन्न ग्रामों और नगर पंचायत क्षेत्रों में स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और अन्य स्थलों पर परीक्षणोपरान्त प्रभावी कार्यवाही करने को निर्देश दिया गया है।
इन विकास कार्यों की मांग की गई
प्रस्ताव में जिन कार्यों का उल्लेख किया गया है, उनमें सौंदर्यीकरण, सुरक्षात्मक बाउंड्री, छतरी निर्माण, समुचित प्रकाश व्यवस्था और हरियाली विकसित करना शामिल है। पत्र में कहा गया है कि ये कार्य प्रदेश सरकार की “डॉ. बीआर अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना” के अंतर्गत कराए जाएं।
स्थानीय स्तर पर कई स्थानों पर प्रतिमा स्थल पर वर्षों से सीमित सुविधाओं के बीच संचालित हो रहे हैं। ऐसे में प्रस्तावित विकास कार्यों को सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नगर पंचायत के प्रमुख स्थल शामिल
नगर पंचायत डुमरियागंज में डॉ. अम्बेडकर पार्क शाहपुर, बौद्ध बिहार माली मैनहा, डॉ. अम्बेडकर प्रतिमा स्थल, स्वामी विवेकानन्द प्रतिमा स्थल और महाराजा अग्रसेन प्रतिमा स्थल को सूची में शामिल किया गया है।
इसके अलावा नगर पंचायत भारतभारी के वार्ड नंबर-2 लवकुश नगर सेखुईया स्थित बौद्ध बिहार को भी प्रस्तावित विकास सूची में रखा गया है।
डुमरियागंज और मिठवल विकास खंड के गांव भी सूची में
डुमरियागंज विकास खंड के गौराही, अन्दुआ, महुआ खुर्द, देवरिया, मनोहरापुर, जमौती, पटखौली, गौहनिया राज, भड़रिया, रठैना, हबीरपुर और तेलियाडीह गांवों के बौद्ध बिहारों का पत्र में उल्लेख किया गया है।
मिठवल विकास खंड के मसिना खास, गौरा गढ़, कटबन्ध, रामनगर, साड़ीकला, तिगोडवा और कठोलवा गांवों को भी योजना के प्रस्तावित दायरे में शामिल किया गया है।
समाज कल्याण विभाग को भेजा गया निर्देश
पत्र में मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को आवश्यक प्रस्ताव प्राप्त कर स्वीकृति प्रदान करने और जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर को निर्देशित करने का अनुरोध दर्ज है। फिलहाल विभागीय स्तर पर प्रस्तावों की प्रक्रिया आगे बढ़ने की स्थिति में है।
राजू श्रीवास्तव ने क्या कहा
राजू श्रीवास्तव ने कहा, “वर्षों- वर्षों से उपेक्षित महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों, बौद्ध बिहारों को सम्मान मिलेगा। प्रदेश सरकार का उक्त कार्य सबका साथ, सबका विकास, सबका सम्मान के नारे को चरितार्थ करता है।”
आगे क्या
अब निगाह समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई पर रहेगी। प्रस्तावित स्थलों के लिए स्वीकृति और बजट प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही विकास कार्यों की वास्तविक शुरुआत संभव मानी जा रही है।


